तमकुहीराज। तरयासुजान क्षेत्र के माल्हो गांव में गुरुवार की शाम को करंट की चपेट में आने से जहां एक युवक की मौत हो गई, वहीं छह से अधिक लोग झुलस गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घायलों को लोगों ने अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई।
तिनफेडिया बाजार से सटे डुमरिया में स्थित एक कोचिंग सेंटर में सरस्वती पूजा के अवसर पर सरस्वती प्रतिमा की स्थापना की गई थी। गुरूवार को कोचिंग के कुछ छात्र व क्षेत्र के युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर प्रतिमा लेकर डीजे की धुन पर गाते- बजाते हुए मूर्ति विर्सजन के लिए जा रहे थे। माल्हो गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय के पीछे रामपुर कोडरा में ट्रैक्टर में डीजे के सपोर्ट में बंधा बांस नीचे लटके हाई वोल्टेज कंरट के तार में स्पर्श कर गया। जिससे ट्रैक्टर ट्राली व डीजे में करंट उतर गया। ट्राली में बैठे छह से अधिक युवक करंट की चपेट में आ गए। आनन- फानन में मौके पर मौजूद लोग घायलों को अलग-अलग निजी चिकित्सालयों में इलाज के लिए लेकर गए। जहां गंभीर रूप से झुलस गए डीजे ऑपरेटर सीमावर्ती बिहार के भोपतपुर रघुपट्टी निवासी रोजादीन 26 वर्ष को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल भेज दिया। जहां रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वही करंट से बुरी तरह से झुलसे माधोपुर बुजुर्ग निवासी शुभम श्रीवास्तव को पीएचसी तरया सुजान से जिला अस्पताल पडरौना के लिए रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। कंरट की चपेट में आने से घायल आशीष व अंकित निवासी मठिया श्रीराम, डुमरिया निवासी सोनू शर्मा व बिहार के बरवां निवासी ट्रैक्टर चालक मोतीचंद इलाज के बाद स्थिति सामान्य होने पर घर वापस चले गए।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक घायल
काठकुईया । कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के काठकुईया रेलवे स्टेशन के पूर्वी ढाले के पूरब ट्रेन के झटके से एक युवक घायल हो गया। सूचना पर थाने की पुलिस और डायल 100 नंबर की टीम ने पहुंचकर एंबुलेंस से घायल को सीएचसी कुबेरस्थान भेजवाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद घायल को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
लोगों ने बताया कि काठकुईया रेलवे स्टेशन के पूर्वी ढाले पर गुरुवार को दोपहर में गोरखपुर से सीवान जाने वाली डेमू ट्रेन के आगे एक 30 वर्षीय अज्ञात युवक चल गया।ट्रेन के झटके से युवक जख्मी होकर दूर गिरा। बाद में पुलिस उसे अस्पताल ले गई।
बीमार युवक की मौत से मचा कोहराम
नेबुआ रायगंज। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मिठहा माफी निवासी बीमार युवक की मौत हो गई। घटना से पीड़ित परिजन सदमें में थे। गांव के लोगों ने बताया कि मदन यादव के बडे़ बेटे अजय उर्फ मुन्ना यादव घर की माली हालत सुधारने के लिए रोजगार की तलाश में पूर्व में दिल्ली और मुंबई आदि शहरों में गए थे। प्राइवेट काम कर परिवार की रोजी-रोटी की व्यवस्था करते थे। उसी दौरान उन्हें संक्रमण की वजह से गंभीर बीमारी हो गई। बुधवार को हालत काफी बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी और दो मासूम बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था।
संदिग्ध परिस्थिति में बालक की मौत
नेबुआ रायगंज। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सरपतही खुर्द गांव से जाकर बिहार में अपनी मां के साथ रहने वाले दस वर्षीय एक बालक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलते ही उसके घरवाले शव लाने के लिए रवाना हो गए। उसकी मौत से घर में मातम छाया है। बताया जा रहा है कि सरपतही खुर्द गांव निवासी रत्नाकर मिश्र की करीब 6 वर्ष पूर्व संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई थी। उसके बाद उनकी पत्नी ने गांव के ही एक युवक से विवाह कर ली और पहले पति से हुए दोनों बच्चों को लेकर बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के गौरी बेलवा गांव में रहने लगी। उसने अपने हिस्से की जमीन बेंच दी थी, जिसे लेकर पट्टीदारों में अक्सर विवाद होता था। बुधवार को उसके बड़े लड़के अमन कुमार मिश्र (10) की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। यह सूचना मिलते ही अमन के चाचा देवमुनि मिश्रा शव लाने के लिए बिहार रवाना हो गए। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले आई है।