फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसे से गुस्साई भीड़ ने किया पथराव, घायल पुलिस वालों को बंधक बनाया

Fri, 30 Nov 2018 11:33 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
stone pelting - फोटो : भव्य नरेश
विज्ञापन
खड्डा (कुशीनगर)। अवैध बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से ट्रैक्टर मालिक की दबकर मौत हो गई। अवैध बालू खनन के चलते हादसे से का आरोप लगाकर लोगों ने विलंब से पहुंची यूपी-100 पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। इससे पुलिस वैन क्षतिग्रस्त हो गई और तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए। भीड़ ने घायल तीनों पुलिस कर्मियों को बंधक बना लिया।

 

थोड़ी देर में पहुंचे दरोगा समेत कुछ अन्य पुलिस कर्मियों पर भी लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में कुल पांच पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं। बाद में पुलिस बल के साथ सीओ ने भीड़ को शांत कराते हुए दो घंटे से बंधक तीनों पुलिस कर्मियों को मुक्त कराया और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

विज्ञापन

क्षेत्र के गंडक नदी के वीरभार ठोकर के पास से बालू खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रही थी। लक्षमीपुर पडरहवा तटबंध के पास ढाले से असंतुलित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 20 फीट गड्ढे में पलट गई। चालक ने तो कूदकर जान बचा ली, लेकिन ट्रैक्टर मालिक 60 वर्षीय देवनरायन पटेल निवासी भारतखंड पकड़ी थाना कोठीभार जिला महराजगंज की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान भीड़ जुट गई। सूचना के करीब डेढ़ घंटे बाद यूपी-100 टीम के पुलिस कर्मी छोटेलाल यादव, राम उग्रह और रामकुमार पाल पहुंचे।


हादसे की वजह अवैध बालू खनन बता भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसे पलट दिया। घायल तीनों पुलिस कर्मियों को बंधक बना लिया। बाद में थाने के दो एसआई कुछ सिपाहियों के साथ पहुंचे और लोगों को शांत कराने लगे लेकिन, शांत होने के बजाय भीड़ उग्र हो गई और दोबारा पथराव शुरू कर दिया।

विज्ञापन

 

दरोगा समेत तीन पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आईं। सूचना के मिलने पर सीओ नवीन कुमार नायक नेबुआ नौरंगिया और हनुमानगंज पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने उग्र भीड़ को शांत कराते हुए बंधक पुलिस कर्मियों को मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव में भय व तनाव का माहौल है।


प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार सिंह ने बताया कि बिहार से बालू लेकर लौट रही ट्रैक्टर ट्राली पलटने से वृद्ध महराजगंज जनपद निवासी देव नरायन पटेल की हुई मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम तो कुछ अराजक तत्वों ने हमला करके घायल कर दिया। अराजक तत्वों को चिह्नित कर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें