कुशीनगर। थाना क्षेत्र के एक स्कूल से पढ़कर घर आ रही छठीं कक्षा की छात्रा के साथ हुए गैंगरेप के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। युवकों के रिश्तेदारों से भी पूछताछ की गई है। पीड़िता को महिला कांस्टेबल के साथ मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उधर, स्कूल प्रबंधन भी आरोपी छात्रों के नामांकन निरस्त करने पर विचार कर रहा है।
एक गांव की रहने वाली 12 वर्षीया छात्रा शनिवार को स्कूल से वापस लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही दो लड़कों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। आरोपी युवक भी पीड़िता के स्कूल में ही आठवीं कक्षा के छात्र हैं। छात्रा के साथ हुई इस घटना की जानकारी से गांव के लोग भौंचक रह गए। रविवार को पीड़ित छात्रा की मां ने रामकोला थाने पहुंचकर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया।
रामकोला के प्रभारी एसओ नगेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह छापेमारी की गई है। उनके रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है। पीड़िता को महिला कांस्टेबल के साथ डॉक्टरी परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं स्कूल प्रबंधन ने भी आरोपी छात्रों के विषय में जानकारी करनी शुरू कर दी है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि आरोपी लड़कों का नामांकन निरस्त करने पर विचार किया जा रहा है।