कुशीनगर। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव पोखरभिंडा के टोला भगवानपुर में बुधवार की रात मामूली विवाद में 22 वर्षीय युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। शव दरवाजे पर रखकर पूरी रात सुलह-समझौते का प्रयास चलता रहा। बात नहीं बनी तो मृत युवक की मां ने सुबह कप्तानगंज पुलिस को सूचना दी। एसपी ने गांव का दौरा कर आरोपियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने ग्राम प्रधान के दो पुत्रों समेत पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज करते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सभी आरोपी गायब बताए जा रहे हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस गश्त कर रही है।
बुधवार को बच्चों के तास खेलने की बात को लेकर 22 वर्षीय इंद्रजीत पुत्र स्व. जमुना प्रसाद और ग्राम प्रधान रामभवन के परिवार के बीच कहासुनी हो गई। रात करीब नौ बजे गांव के बाहर इंद्रजीत को प्रधान के पुत्रों समेत पांच युवकों ने घेर लिया। इंद्रजीत की मां धुरपति का आरोप था कि आरोपियों ने उसके लड़के को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से वह गिरकर बेदम हो गया। इसकी सूचना मिलने पर कुछ लोग पहुंचे और इंद्रजीत को उठाकर घर ले आए। कुछ देर बाद ही इंद्रजीत की मौत हो गई। गांव के लोगों के अनुसार इंद्रजीत की मौत के बाद गांव के कुछ लोगों ने इस मामले में सुलह समझौता के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। परंतु रात भर प्रयास के बाद भी मृतक इंद्रजीत की मां समझौता के लिए तैयार नहीं हुई। सुबह सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की जानकारी होने पर एसपी यमुना प्रसाद और सीओ कसया राघवेंद्र चतुर्वेदी भी गांव पहुंचे। इन अफसरों ने घटना की जानकारी लेने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। एसओ आरके यादव के अनुसार धुरपति देवी की तहरीर पर पुलिस ने रिंकू, मिंटू, बुधई, भोला और स्वामीनाथ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पांचों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।