फाजिलनगर (कुशीनगर) । बाजार में एनएच पार कर रही एक बुजुर्ग महिला और दस वर्ष के बालक सहित तीन लोग निजी बस की चपेट में आ गए। घायल इन तीनों को फाजिलनगर सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद होश न आने पर दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला।
बुधवार को दोपहर करीब एक बजे पटहेरवा थाना क्षेत्र के अहलादपुर गांव की निवासी आजिया खातून उम्र 60 वर्ष के अलावा 65 वर्षीय एक व्यक्ति दस वर्ष के एक बालक के साथ फाजिलनगर में एनएच पार कर रहे थे। तभी कसया की तरफ से आ रहे एक निजी बस ने उन्हें ठोकर मार दी। इस हादसे में बुजुर्ग व्यक्ति और बालक गंभीर रुप से घायल होने की वजह से बेहोश हो गए। महिला को मामूली चोटें आयीं।
दुर्घटनास्थल पर भीड़ एकत्र होते देख चालक पुलिस चौकी पर छोड़कर भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बुजुर्ग व्यक्ति और बालक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वे दोनों बेहोशी की हालत में थे। जबकि महिला को इलाज के बाद घर भेज दिया।