तमकुहीराज। समउर मार्ग पर मंगलवार देर रात दो दुकानों में सेंध लगाकर आभूषण व नकदी चोरी हो गई। बुधवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे दोनों दुकानदारों ने बिखरे पड़े सामान व टूटी दीवार देखकर शोर मचाया। डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। चोरी की वारदात को लेकर बाजार के व्यापारियों में नाराजगी है।
तमकुहीराज बाजार के समउर मार्ग स्थित लक्ष्मीबाग मार्केट में परसौनी बुजुर्ग टोला कौवापट्टी निवासी राजेश गुप्ता की लक्ष्मी फार्मा एजेंसी के नाम से दवा की दुकान है। मंगलवार की रात वह दुकान बंद कर घर चले गए। बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे, तो देखा कि अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। पीछे से दीवार टूटी देख वह सन्न रह गए। उन्होंने बताया कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरा, मशीन व एलसीडी समेत गल्ले में रखे करीब 25 हजार रुपये गायब हैं। उन्होंने इसकी सूचना तरयासुजान पुलिस को दी।
आसपास के दुकानदारों ने खोजबीन की, तो बगल में सेवरही कस्बा निवासी धर्मेंद्र कुमार के आभूषण की दुकान की भी दीवार टूटी मिली। व्यापारियों की सूचना पर पहुंचे धर्मेंद्र ने शटर उठाया, तो देखा कि तिजोरी काटकर 12 किलो चांदी व 60 ग्राम सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं।
सीओ राणा महेंद्र प्रताप सिंह, एसओ सुशील कुमार शुक्ल, चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए और मामले की छानबीन में जुटे रहे। एसओ सुशील कुमार शुक्ल ने बताया कि डॉग स्क्वॉड की मदद से घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
सड़क हादसे में बुआ-भतीजा घायल
रगड़गंज। बुधवार को बाइकसवार भतीजा और बुआ सड़क हादसे में घायल हो गए। दोनों को समउर बाजार के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला की हालत चिंताजनक बताते हुए किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की डॉक्टर ने सलाह दी।
पटहेरवा थाना क्षेत्र के करजहा उर्फ पखिहवा गांव के निवासी प्रद्युम्न मिश्रा (19) बुधवार को सुबह करीब सात बजे कटेया थाना क्षेत्र के तिवारी टोला की निवासी अपनी बुआ संतरी देवी (45) को बाइक से नरायनपुर गांव निवासी अपनी दूसरी बुआ के घर जा रहे थे। समउर-पटहेरिया मार्ग पर परसौनी खुर्द गांव के निकट पैदल सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने की कोशिश में संतुलन खो बैठे और बाइक लेकर गिर पड़े। इससे बुआ-भतीजा घायल हो गए। संतरी देवी अपनी बहन के घर किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।