खड्डा पुलिस की गिरफ्त में नेपाली शराब तस्कर व बोलेरो।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। पुलिस ने खड्डा थाना क्षेत्र के शिवपुर-हरिहरपुर मार्ग से 1200 शीशी मिलावटी नेपाली शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने धोखाधड़ी, मिलावट, तस्करी सहित विभिन्न आरोपों में मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया।
नेपाल से होते हुए खड्डा क्षेत्र से गुजरने वाली बड़ी गंडक नदी के रास्ते शराब तस्करी की सूचना पर शिवपुर गांव के पुलिस पिकेट के तैनात जवानों ने प्रभारी एसओ राजेश कुमार को सूचना दी। पुलिस टीम शिवपुर-हरिहरपुर मार्ग पर पहुंची। इसके बाद एक टीम एसआई नंदा प्रसाद की अगुवाई में पहुंची।
शिवपुर-हरिहरपुर मार्ग पर एक बोलेरो से शराब उतारते दिखे व्यक्तियों को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। वहां से पकड़े गए वाहन चालक सहित तीन व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पूछताछ में तीनों ने नेपाल से शराब लाकर उसमें मिलावट कर ऊंचे दाम पर बेचने की बात स्वीकार की। बरामद वाहन महराजगंज जनपद के सोहगीबरवा ग्राम सभा के मूजा टोला निवासी एक व्यक्ति का था।
प्रभारी एसओ राजेश ने बताया कि 1200 शीशी नेपाली मिलावटी शराब व बोलेरो के साथ तीन तस्कर पकड़े गए हैं। तस्करों ने शराब बिहार ले जाकर बेचने की बात स्वीकार की है। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।