संदिग्ध हाल में झुलसने से युवती की मौत
अन्हारीबारी गांव का मामला, घर पर मूकबधिर भाई के साथ रहती थी
अमर उजाला ब्यूरो
कुबेरस्थान। अन्हारीबारी गांव में मंगलवार की रात करीब दस बजे संदिग्ध परिस्थिति में झुलसने से युवती की मौत हो गई। सुबह युवती के घरवालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
यहां के ज्वाला सिंह की पत्नी इसरावती का दस वर्ष पूर्व निधन हो गया था। उनके बडे़ पुत्र सुनील दो साल से परिवार के साथ ही कहीं बाहर रहते हैं। ज्वाला सिंह भी दो चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं, जिससे परिवार का भरण-पोषण होता है। घर पर उनकी इकलौती पुत्री किरन और छोटा बेटा मूकबधिर संदीप थे।
बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय किरन मंगलवार की रात करीब दस बजे खाना खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। भाई संदीप भी अलग कमरे में सोने चला गया। कुछ देर बाद किरन के कमरे से आग की लपटें उठते देख संदीप ने बाहर आकर शोर मचाया और आसपास के लोगों को सूचना दी। लोगों ने किरन के कमरे का दरवाजा खोलना चाहा, लेकिन वह अंदर से बंद था। दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर पहुंचे तो किरन कोयला बन चुकी थी।
बुधवार की सुबह परिजनों ने घटना की लिखित सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएचओ रामआशीष सिंह यादव ने बताया कि मृतका के परिजनों ने लिखित जानकारी दी है। जरूरी कार्रवाई की जा रही है।