मौत होने पर विलाप करते परिजन ।
- फोटो : अमर उजाला
बेलवा कारखाना। सड़क हादसे में घायल हुए युवक की बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। पटखौली गांव के निवासी यह युवक दो अप्रैल को फाजिलनगर-बघौचघाट मार्ग पर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसकी मौत की खबर आते ही परिवार में कोहराम मच गया।
इस गांव के 35 वर्षीय रामप्रवेश कुशवाहा फाजिलनगर स्थित उप डाकघर के डाकिया थे। दो अप्रैल को बाइक से उप डाकघर में ड्यूटी पर जा रहे थे। अभी सठियांव गांव के सामने पहुंचे ही थे कि अचानक सामने से एक बंदर आ गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक लेकर गिर पड़े। इसके बाद मौजूद लोगों ने उन्हें फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया था, जहां उनकी स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहां हालत में सुधार नहीं होने से परिवार के लोग गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां भी स्थिति सुधरने पर तीन दिन पूर्व डॉक्टर ने घर भेज दिया था। बुधवार की शाम दोबारा उनकी हालत ज्यादा बिगड़ गई। परिवार के लोग अभी उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौत हो गई।