पडरौना (कुशीनगर)। दस दिसंबर को हाटा क्षेत्र के रेडिएंट कंपनी के कैशवैन से 1.71 करोड़ रुपये की लूट के मास्टर माइंड अमित कुमार राय उर्फ फौजी का नाम पिछले महीने बिहार के बेतिया के एक बैंक के गेट से हुई 15.90 लाख रुपये की लूट में भी आ रहा है। उत्कर्ष फाइनेंस के विजिलेंस डिपार्टमेंट ने भी अमित फौजी का ब्योरा जुटाना शुरू कर दिया है। इस बाबत पुलिस और स्वॉट टीम से संपर्क साधा है। अमित फौजी को सोमवार की रात देवरिया जेल में शिफ्ट कर दिया गया। मंगलवार को गोली से जख्मी पैर का एक्सरे भी कराया गया। पुलिस उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
खड्डा और तमकुहीराज में सीओ रह चुके एवं उत्कर्ष फाइनेंस के विजिलेंस विभाग के यूपी एवं एनसीआर के डिप्टी मैनेजर विनोद कुमार राय ने बताया कि 22 मार्च को बेतिया में 15.90 लाख रुपये की लूट हुई थी। उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड बेतिया (बिहार) से कैश लेकर कर्मचारी जैसे ही बैंक से बाहर निकले, एक ही बाइक पर सवार तीन युवक कैशबैग छीनकर फरार हो गए थे। इस बैंक की पांच शाखाएं कुशीनगर जिले में भी हैं। दोनों ही लूटकांड की मिलती-जुलते मॉडस अप्रेंडी के चलते मास्टर माइंड के संबंध में हाटा पुलिस एवं स्वॉट टीम प्रभारी से जानकारी ली गई। अमित फौजी से जेल में पूछताछ की तैयारी चल रही है। बेतिया के एसपी से भी संपर्क किया जाएगा।
जेल में अपराधियों की जुगलबंदी, आबादी में कर रहे अपराध
विजिलेंस के डिप्टी मैनेजर विनोद कुमार राय ने बताया कि अपराधी जेल में भी एक-दूसरे के संपर्क में आते हैं। वहां योजना बनाते हैं और बाहर निकलते घटना को अंजाम देने में जुट जाते हैं। पूर्व में हुई कई घटनाओं के पर्दाफाश में यह बात सामने आ चुकी है। कुशीनगर में दवा व्यवसायी, तरयासुजान थाना क्षेत्र में युवक पर हमला और कैशवैन लूटकांड इसी जुगलबंदी का परिणाम बताया जा रहा है।
जिस मकसद से लूट किया, उसकी कसक रह गई अधूरी
हाटा कोतवाल कमलेश सिंह ने कहा कि पूछताछ में अमित फौजी ने बताया कि 16 अप्रैल को तिलक और 19 अप्रैल को उसकी बहन की शादी है। लूट के 34 लाख में से उसने 10 लाख रुपये 13 फरवरी को हुए वरक्षा समारोह में खर्च किया था। जेल जाते समय उसने बताया कि यह मुठभेड़ चार दिन बाद हुई होती तो बहन को ससुराल भेजकर वह खुशी-खुशी जेल गया होता। फिर भी बहन की शादी में सम्मिलित होने के लिए वह अर्जी डालेगा। कोतवाल ने बताया कि कैशवैन लूटकांड के सभी आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, अब सिर्फ मुखबिरी करने वाले की तलाश है।
अमित फौजी को रिमांड पर लेगी पुलिस
एसपी राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि अभी अमित कुमार राय उर्फ फौजी से ठीक ढंग से पूछताछ नहीं हो पाई है। उसे सोमवार की रात में देवरिया जेल में शिफ्ट करा दिया गया। आगे की पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लिया जाएगा। इसके साथ ही बिहार के गोपालगंज जिले की पुलिस को भी जानकारी दे दी गई है कि अगर उनके वहां भी यह वांछित हो तो वह विधिक कार्रवाई कर सके।