लूट की घटना के बाद मौके पर पहुंच कर जांच करती हाटा पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
हाटा। बुधवार को लगड़ी गांव के निकट बदमाशों ने तमंचा सटाकर स्वर्ण व्यवसायी से अस्सी हजार के जेवरात, 20 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद बदमाश असलहा लहराते हुए भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
कसया थाना क्षेत्र के कुरमौटा गांव निवासी विनय उर्फ निप्पू वर्मा की हाटा कोतवाली क्षेत्र के गडे़रीपट्टी चौराहे पर आभूषण की दुकान है। वह प्रतिदिन घर से दुकान आते-जाते हैं। बुधवार सुबह वह देवराड़ पिपरा गांव से होते हुए दुकान पर जा रहे थे। लगड़ी गांव के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
एक बदमाश ने तमंचा सटा दिया और बाइक की डिकी तोड़कर उसमें रखा बैग लेकर असलहा लहराते हुए भाग निकले। इससे विनय सकते में आ गए। बाद में सूचना पुलिस को दी। विनय ने बताया कि बैग में बीस हजार रुपये, करीब अस्सी हजार के सोने-चांदी के आभूषण थे। बदमाश उनकी मोबाइल भी लूट ले गए। कोतवाल कमलेश सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।