कप्तानगंज। स्टांप चोरी के मामले में नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन की गिरफ्तारी का वारंट जारी हो गया है। गिरफ्तारी के लिए नायब तहसीलदार ने राजस्व टीम के साथ उनके आवास पर दबिश दी। उन्हें पूर्व चेेयरमैन के मंदिर में पूजा के लिए गए होने की सूचना मिली, जिस पर राजस्व टीम वहां भी पहुंची। हालांकि पूर्व चेयरमैन वहां भी नहीं मिले।
कप्तानगंज नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन अशोक अग्रहरि पर सहायक आयुक्त स्टांप ने 14 लाख रुपये के स्टांप चोरी का आरोप लगाया था। इस पर एसडीएम कप्तानगंज की ओर से गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया।
बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार सुनील कुमार ने राजस्व टीम के साथ पूर्व चेयरमैन के आवास पर पहुंचकर दबिश दी, लेकिन वह नहीं मिले। बताया गया कि पूर्व चेयरमैन नगर से सटे दुबौली माता के मंदिर में पूजा के लिए गए हैं। उसके बाद यह टीम मंदिर भी गई, लेकिन वहां पूर्व चेयरमैन नहीं मिले। नायब तहसीलदार ने बताया कि दबिश के दौरान पूर्व चेयरमैन नहीं मिले। उनकी गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी।