कठकुइयां (कुशीनगर)। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के गांव जंगल सिसवा के टोला खिरिया स्थान निवासी एक व्यक्ति के घर में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। इस घटना में झोपड़ी समेत सामान व नकद रुपये जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा दो बकरियां भी जल मरीं।
खिरिया स्थान निवासी रामप्रवेश के परिवार के लोग रात में खाना खाने के बाद सोने चले गए। रामप्रवेश के अनुसार भोर में करीब तीन बजे नींद खुली तो देखा कि झोपड़ी में आग लग गई है। किसी तरह परिवार के लोगों को झोपड़ी से बाहर लेकर आया। देखते ही देखते पूरी झोपड़ी जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित का कहना है कि झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान व बीस हजार रुपये नकद समेत दो बकरियां भी जल गई। घटना की जानकारी होने पर सोमवार की सुबह गांव पहुंची लेखपाल नीतू गौड़ ने क्षति का जायजा लिया।