सुकरौली। क्षेत्र के सिरसिया गांव में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। इससे यहां आने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से गांव में समुचित मुक्तिधाम की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण अंतिम संस्कार के दौरान लोगों को विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
सुकरौली क्षेत्र में बरसात के मौसम में अंतिम संस्कार के लिए समुचित प्रबंध नहीं होने से स्थिति और भी दयनीय हो जाती थी। ऐसे में अब सिरसिया में मुक्तिधाम निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। निर्माण कार्य के तहत चबूतरा, शेड, मार्ग और अन्य आवश्यक सुविधाओं को विकसित किया गया है, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सम्मानजनक और व्यवस्थित ढंग से हो सके। अजय कुमार शुक्ल ने बताया कि क्षेत्र में मुक्तिधाम की कमी के कारण लोगों को पहले काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब यह निर्माण कार्य शुरू होने से बड़ी राहत मिलेगी। बीडीओ उषा पाल ने कहा कि जनहित में विभागीय स्तर पर इस मुक्तिधाम में और बेहतर क्या किया जा सकता है,इसकी जांच पड़ताल कर कराने का प्रयास किया जाएगा।