पडरौना। सुरक्षा के दृष्टिकोण से नायब तहसीलदार और पुलिस ने पडरौना नगर में पटाखे बनाने वालों के गोदामों की जांच की। नगर के पांच दुकानदारों में से तीन दुकानें नियमविरुद्ध तरीके से संचालित पाई गईं।
डीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार बालकृष्ण सिंह रविवार को दिन के लगभग एक बजे लेखपाल योगेंद्र गुप्ता, चौकी इंचार्ज राजेश मौर्या, एलआईयू इंस्पेक्टर आलोक सिंह के साथ पटाखों के गोदामाें की जांच करने निकले। पडरौना नगर में पटाखे बनाने के नाम पर पांच व्यक्तियों ने लाइसेंस ले रखा है, इनमें कसेरा टोली के एक पटाखा विक्रेता की मृत्यु हो चुकी है, जबकि कन्नौजिया वार्ड का पटाखा विक्रेता दो वर्ष से यह काम नहीं करता। पटाखा बनाने के अन्य तीन लाइसेंसीधारक, जिनमें दो कसेरा टोली तथा एक नौका टोला है, वह नियमविरुद्ध तरीके से संचालित होता पाया गया। इसके अलावा पटाखे का एक दुकानदार क्षमता से करीब चार गुना अधिक पटाखे बेचता पाया गया। नायब तहसीलदार ने कहा कि इसकी जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।