हाटा। डोल मेले में तेज आवाज में डीजे बजाकर लोगों की नींद और सुकून में खलल डालना 10 लोगों को भारी पड़ गया। हाटा कोतवाली पुलिस ने गांधी चौक-देवरिया मोड़ के पास नियमों की अनदेखी कर तेज आवाज में डीजे बजाने के मामले में 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। कार्रवाई के बाद डीजे संचालकों में खलबली मच गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात डोल मेले के दौरान गांधी चौक-देवरिया मोड़ के पास डीजे तेज आवाज में बजाए जा रहे थे। ध्वनि नियंत्रण संबंधी नियमों की अनदेखी की शिकायत पर पुलिस ने जांच की। जांच के बाद 12 सितंबर को कार्रवाई करते हुए 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस के अनुसार आकाश मद्धेशिया, गुड्डू सिंह (शगुन डीजे), अक्षय रावत, प्रेम (प्रेम डीजे), अजीत जायसवाल उर्फ भेगुन, बृजेश यादव (दिनेश डीजे), प्रिंस मद्धेशिया, सुबोध विश्वकर्मा (विश्वकर्मा डीजे), विशाल कुशवाहा और कमलेश यादव (न्यू यादव डीजे) को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ध्वनि नियंत्रण संबंधी प्रावधानों, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।