पडरौना। शहर में आए दिन लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस ने खाका तैयार किया है। ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर लगाम लगाई जाएगी। शहर की रफ्तार को पटरी पर लाने के लिए मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड्स के साथ एक सब इंस्पेक्टर (दरोगा) की तैनाती की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों और बेतरतीब वाहन खड़े करने वालों का मौके पर ही चालान और वाहन सीज करने जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर की मुख्य सड़कों के अलावा चौक-चौराहों पर पैदल चलना दूभर हो गया है। सुबह से देर शाम तक आने-जाने वाले लोगों को बेतरतीब वाहनों के खड़े होने से आवाजाही में परेशानी के साथ जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या की वजह ई-रिक्शा चालकों की बढ़ती संख्या व उनकी मनमानी है। सवारी ढोने की होड़ में ये चालक न तो ट्रैफिक नियमों की परवाह करते हैं और न ही अन्य राहगीरों की सुविधा का ध्यान रखते हैं। इसी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अब चौराहों पर पुलिस बल की मौजूदगी को और मजबूत करने का फैसला किया है।
राहगीरों व लोगों का कहना है कि शहर में दौड़ रहे ई-रिक्शों का कोई तय रूट नहीं है। जहां सवारी दिखी,वहीं बीच सड़क पर ब्रेक मार देना,इनकी आदत बन चुकी है। वहीं,चौक व चौराहों पर बेतरतीब तरीके से आड़े-तिरछे खड़े कर देते हैं। इससे चौराहों का बड़ा हिस्सा कुछ समय के लिए अस्थाई कब्जे में तब्दील हो जाता है। इससे वहां से गुजरने वाले वाहनों व राहगीरों को परेशानी होती है।
0
दरोगा के हाथ में होगी कमान, मौके पर होगा एक्शन
अब तक चौराहों पर तैनात होमगार्ड्स व ट्रैफिक पुलिसकर्मी उल्लंघन करने वाले वाहनों पर सख्ती नहीं दिखा पाते थे। वे कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर पाते थे। लेकिन अब दरोगा की मौजूदगी में पुलिस टीम तत्काल चालान व नो पार्किंग से गाड़ियों को उठवाने और नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शों को सीज करने की कार्रवाई की जा सकेगी।
0
शहर में लगता है जाम
पडरौना शहर में नियमों के उल्लंघन व बेतरतीब तरीके से वाहनों के खड़े होने से जाम व राहगीरों को लंबे समय से सड़क के किनारे चलने में दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। इसकी वजह बड़े से लेकर छोटे वाहनों की मनमानी व यातायात नियमों की अनदेखी बताई जा रही है। वैसे शहर में सुभाष चौक,मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी, कठकुइयां मोड़,बावली चौराहा, रेलवे क्राॅसिंग मोड़, तिलक चौक, जटहां रोड, अंबे चौक, दरबार रोड, कोतवाली रोड, बाईपास स्टेशन रोड, बलुचहां पुल मोड़ आदि जगहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
0
कोट:
जाम से निजात के लिए सभी चौराहों पर दरोगा की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। ई रिक्शा चालकों को तय दिशा से चलने, सड़क पर वाहन रोक कर सवारी बैठाने, उतारने से मना किया जा रहा है। नहीं मानने वालों का चालान किया जा रहा है। -अजय सिंह, सीओ पडरौना