तमकुहीराज। बिहार के बलथरी चेकपोस्ट के समीप टीम ने शराब की खेप के साथ पति-पत्नी को बुधवार देर शाम गिरफ्तार किया। दंपती ढाबे में इस्तेमाल होने वाले तंदूर में छिपाकर ट्रक से करीब 468 लीटर अंग्रेजी शराब खेप दिल्ली से तस्करी कर बिहार के मुजफ्फरपुर लेकर जा रहे थे।
मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई की जानकारी के बाद बॉर्डर इलाके से तरीके बदल कर शराब की तस्करी करने वाले धंधेबाजों में हड़कंप है। गोपालगंज जिले के मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक अमृतेश कुमार ने बताया कि मद्य निषेध विभाग की टीम बुधवार को हाईवे स्थित बलथरी चेकपोस्ट के समीप यूपी की ओर से बिहार में दाखिल होने वाले वाहनों की जांच कर थी।
इसी दौरान यूपी की सीमा की ओर से दिल्ली नंबर का एक कंटेनर तेज गति से बिहार की सीमा में दाखिल हुआ। संदेह के आधार पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने कंटेनर को रोक कर जांच करना शुरू किया। प्राथमिक जांच के दौरान कंटेनर में साथ रही महिला ने खुद को ढाबा मालकिन बताया और नए ढाबा का सामान मुजफ्फरपुर लेकर जाने का हवाला दे जांच से इंकार किया।
इस कारण जांच टीम को महिला की कहानी पर संदेह बढ़ गया। सख्ती बरतने हुए टीम ने चालक को नीचे उतारा तो तंदूर के चूल्हे में छिपा कर दिल्ली से बिहार के मुजफ्फरपुर ले जाए जा रहे 2600 अंग्रेजी शराब की बोतल बरामद हुई। जब्त किए गए अंग्रेजी शराब की कुल मात्रा करीब 468 लीटर है। पूछताछ के दौरान कथित होटल मालकिन गिरफ्तार ट्रक चालक की पत्नी निकली।