पडरौना। शहर के यूएन कॉलेज में चार जून को होने वाले मतगणना स्थल पर मतदानकर्मी और एजेंट अपने साथ मोबाइल फोन लेकर अंदर नहीं जा सकेंगे। प्रत्याशियों के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों को भी शस्त्र लेकर अंदर जाने की अनुमति नहीं है। गर्मी को देखते हुए एजेंट पानी की बोतल लेकर अंदर जा सकते हैं। लेकिन सर्विस वोट की गिनती वाले स्थान पर बोतल का पानी लेकर जाना भी प्रतिबंधित किया गया है। हालांकि मतदान स्थल पर पानी और छाया का व्यवस्था प्रशासन की ओर से किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि मतगणना को लेकर पारदर्शिता बरती जा रही है। इसके लिए स्ट्रांग रूम से मुख्य गेट तक सीसी टीवी कैमरा लगाया गया है। मतदान के दिन भी टीवी स्क्रीन लगाई जाएगी, ताकि मतगणना की जानकारी होती रहे। मतगणना के दिन सुबह सात बजे तक मतगणना एजेंटों को पहुंचना है। कुशीनगर लोकसभा सीट के अलावा देवरिया लोकसभा क्षेत्र के तमकुहीराज और फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना भी होगी। मतगणना स्थल पर प्रत्याशी दो वाहन से जा सकेंगे। एक वाहन में प्रत्याशी होगा, दूसरे वाहन का प्रयोग मतगणना एजेंट के लिए नाश्ता और खाना लाने में होगा।
-
सुबह सात बजे खुलेंगे स्ट्रांग रूम
-मतगणनाकर्मी सुबह छह बजे यूएन कॉलेज में पहुंच जाएंगे। इसके बाद सात बजे सभी प्रत्याशी और उनके एजेंट की मौजूदगी में ईवीएम बाहर निकालने के लिए स्ट्रांग रूम का खोला जाएगा। 15 मिनट तक गैस की आशंका के चलते कोई भी कर्मचारी स्ट्रांग रूम में प्रवेश नहीं करेगा। सुबह आठ बजे वैलेट पेपर की मत पेटिकाएं और पोस्टल बैलेट गणना टेबल पर पहुंचेगी।
मतगणना स्थल पर लगाए जाएंगे टेंट
यूएन पीजी कॉलेज में मतगणना के दौरान धूप से बचाव के लिए टेंट लगाए जाएंगे और गर्मी से बचाव के लिए कूलर पंखे की व्यवस्था की जाएगी। कुशीनगर और देवरिया लोकसभा क्षेत्र के दो विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना अगल-अलग होगी। इसके लिए तैयारी भी अलग-अलग की गई है। मौसम खराब होने की स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से तैयारियां की गई है।
-
अफवाह फैलाने पर होगी कार्रवाई
जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि मतगणना के दौरान या इसके बाद किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी को कानून के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतदान हुआ है। उसी प्रकाश मतगणना भी संपन्न कराई जाएगी। मतगणना से पूर्व पुलिस-प्रशासन से सकुशल मतगणना संपन्न कराने के लिए खाका तैयार कर लिया है।