धनघटा। नगर पंचायत हैंसर बाजार, धनघटा के वार्ड नंबर-17 के सभासद पुत्र को नगर पंचायत के दबंगों ने अपशब्द कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में आठ नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सभासद पुत्र अभिनव साहनी का आरोप है कि होली के दिन वह घर पर थे। उसी समय एक बोलेरो पर सवार कई लोग आए और गालियां देते हुए जान से मारने की नीयत से घर से बाहर निकलने के लिए कहने लगे। भयवश बाहर नहीं निकले तो सभी वापस चले गए। आरोप है कि दूसरे दिन भी आरोपी अभिनव साहनी के घर पहुंचे और लाठी-डंडा और असलहे से लैस होकर मारने-पीटने की धमकी देने लगे। उसके थोड़ी देर बाद लौट गए। उसके बाद फोन पर भी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
अभिनव का कहना है कि कुछ लोगों के कहने पर इस मामले में धनघटा थाने पर तहरीर नहीं दी, लेकिन अब जब वह लोग जान के पीछे पड़े हैं, तो प्रार्थना पत्र देना पड़ रहा है। एसओ दिलीप सिंह ने बताया कि इस मामले में दीपक यादव उर्फ सत्यम यादव उर्फ पंडित, अरविंद यादव, शोएब, विकास, निलेश, शैलेंद्र, सूरज, प्रिंस और पांच अज्ञात निवासी धनघटा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभिनव साहनी का कहना है कि दीपक यादव उर्फ पंडित के विरुद्ध कई आपराधिक मामले थाने में दर्ज हैं। उसके विरुद्ध कड़ी कार्ररई की जानी चाहिए।