तमकुहीरोड। जांच कमेटी गठित होने से शुक्रवार को निर्माण शुरू कराने वालों को सेवरही नगर पंचायत के चार सभासदों के विरोध का सामना करना पड़ा। सभासदों ने पूर्वी ढाले से छोटी गंडक नहर तक चल रहे सड़क निर्माण के कार्य को रुकवा दिया।
इस बात को लेकर विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी निर्माण कराने वालों को कार्य रोकने की चेतावनी दी। बाद में सभासदों ने सेवरही थाने में पहुंचकर तहरीर भी दी। नगर पंचायत सेवरही की तरफ से नया सवेरा योजना के तहत पूर्व में 885520 रुपये की लागत से पूर्वी ढाले से छोटी गंडक नहर तक सड़क निर्माण की योजना स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि सड़क निर्माण हुए धनराशि का भुगतान करा लिया गया है।
इस मामले में जांच कमेटी गठित होने से घबराए कुछ लोग जब शुक्रवार को मजदूरों के साथ मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कराने लगे तो इसकी जानकारी नगर पंचायत के सभासदों को मिली।
जानकारी मिलते ही नगर पंचायत के चार सभासद लव जायसवाल, राजेंद्र प्रसाद, गोविंद जायसवाल, अमरचंद्र जायसवाल और एक अन्य शिकायतकर्ता हसमुल्लाह ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। इस बात को लेकर विवाद बढ़ते देख मौके पर काफी संख्या में लोग एकत्र हो गए। इस दौरान दोनों पक्ष के लोगों की तरफ से आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गया।
मौके पर मौजूद लोग कार्य शुरू कराने को लेकर अड़े हुए थे तो सभासद व समर्थक काम नहीं शुरू होने की बात कर रहे थे। सभासदों का आरोप था कि सड़क निर्माण हुए बगैर धनराशि का भुगतान करा लिया गया है। इस मामले में तीन सदस्यों की जांच कमेटी भी गठित की गई है। जांच जब तक पूरी नहीं हो जाएगी, कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा।
उधर, विवाद बढ़ने की जानकारी मिलने पर मौके पर चौकी प्रभारी बीके मिश्र सहित अन्य पुलिसकर्मी पहुंच गए और विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए कड़ाई से कार्य रोकने की चेतावनी दी। इसके बाद उन्होंने दोनों पक्ष के लोगों को समझा बुझाकर विवाद शांत कराया।
बाद में चार सभासदों व एक अन्य शिकायतकर्ता ने थानाध्यक्ष सेवरही को शिकायती पत्र देकर साक्ष्य मिटाने तथा धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। इस संबंध में सेवरही थाने के एसओ पद्माकर राय का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।