कसया। क्षेत्र के भैंसहा गांव के नौका टोला में स्वास्थ्य उपकेंद्र से अवैध कब्जा हटवाने गई पुलिस व प्रशासन की टीम को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। एक कब्जाधारी की झोपड़ी में किसी ने आग लगा दी तो कुछ लोग फोरलेन जाम करने लगे। मामला बिगड़ते देख एएसपी कई थानों की फोर्स लेकर पहुंचे और मामले को शांत कराया।
एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल के आदेश पर बुधवार की दोपहर बाद राजस्व व पुलिस टीम भैंसहा गांव के नौका टोला में बने स्वास्थ्य उपकेंद्र परिसर से अवैध कब्जा हटवाने पहुंची। अवैध कब्जा हटवाने पहुंचे हल्का लेखपाल खजांची गुप्ता, कानूनगो चंद्रभान यादव के साथ पुलिस को देखकर लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इसी दौरान अवैध कब्जा करने वाले एक व्यक्ति की झोपड़ी में आग लग गई। इसके कुछ ही देर बाद कुछ लोग फोरलेन हाइवे को जाम करने लगे।
मौके पर मौजूद दो सिपाहियों अंबुज राय और जाकिर के साथ धक्का मुक्की हो गई, जिसमें दोनों को हल्की चोट आई। सिपाहियों ने उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। इसके बाद एएसपी लाल साहब यादव व सीओ कसया राघवेंद्र चतुर्वेदी कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए परिसर से अवैध कब्जा हटवाया और हंगामा कर रहे लोगों को पकड़कर थाने भेजा गया। इस संबंध में एसओ सौदागर राय का कहना है कि मामले में अवैध कब्जा करने वाले के परिवार सहित कई लोगों को पकड़ा गया है। इनके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और हाइवे जाम करने के मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।