पडरौना। बुधवार से जिले के 194 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा शुरू होगी। इसको लेकर जिला प्रशासन की तैयारी पूरी हो गई है। परीक्षार्थी भी परीक्षा की तैयारी में जुटी हैं, लेकिन शहर के गोस्वामी तुलसी इंटर कॉलेज में पत्राचार पाठ्यक्रम के तहत इंटर परीक्षा वर्ष 2026 में पंजीकृत कुल 700 परीक्षार्थियों को अभी तक प्रवेश पत्र नहीं मिला है। इसको लेकर परीक्षार्थियों का गुस्सा फूटा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने डीआईओएस कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर आए सदर एसडीएम और सीओ को परीक्षार्थियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया।
डीआईओएस कार्यालय परिसर में करीब एक घंटे तक प्रदर्शन कर गोस्वामी तुलसीदास इंटरमीडिएट काॅलेज में पत्रचार पाठ्यक्रम के छात्राओं ने कहा कि कॉलेज से पत्राचार (प्राइवेट) पठ्यक्रम के 700 परीक्षार्थियों का प्रवेश अब तक नहीं मिला है। उन्होंने समय पर परीक्षा फॉर्म भरे, निर्धारित शुल्क जमा किए और प्रयोगात्मक परीक्षा भी दी है। परीक्षा के लिए उनका अनुक्रमांक भी जारी हो गया था। परीक्षा की तैयारी में जुटे थे, लेकिन परीक्षा के एक दिन पहले तक उन्हें प्रवेश पत्र नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन और नोडल अधिकारी की लापरवाही से आज 700 परक्षार्थियों का भविष्य अधर में लटक गया है। प्रवेश पत्र नहीं मिलने वे अब वे 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। उनका पूरा साल खराब हो जाएगा। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे एबीवीपी के नेता अजय कुशवाहा ने आरोप लगाया कि कॉलेज ने छात्रों के साथ धोखाधड़ी की है। प्रवेश पत्र की जगह उन्हें अब तक केवल आश्वासन मिले हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा दिलाने के लिए कॉलेज और जिला प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेताया कि यदि परीक्षा नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। डीआईओएस कार्यालय में परीक्षार्थियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पहुंचे सदर एसडीएम ऋषभ देशराज पुंडीर और सीओ सदर अजय प्रताप सिंह ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझा बुझाकर शांत कराया। एसडीएम ने कहा कि पत्रचार पाठ्यक्रम के तहत परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले सभी 700 परीक्षार्थियों का मामला जिला प्रशासन के संज्ञान में है। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। उन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद छात्रों ने उन्हें ज्ञापन देकर प्रदर्शन समाप्त किया। अभाविप गोरक्ष प्रांत के प्रांत सह मंत्री अजय कुशवाहा ने बताया कि विगत तीन दिन पहले से विद्यालय के प्रधानाचार्य व लिपिक ज्ञान प्रकाश पाठक से लगातार वार्ता हो रही थी लेकिन कल 18 फरवरी से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं प्रारंभ होने वाली हैं लेकिन अभी तक किसी विद्यार्थी को उसका प्रवेश पत्र नहीं मिल पाया है
इस दौरान शिव चौधरी, अमित शुक्ल, अदिति सिंह, सागर गुप्ता, नीरज यादव, कैफ सिद्दीकि, संस्कार बारी, प्रिंस मद्धेशिया, पुष्पेंद्र यादव, मिठ्ठू प्रजापति आदि मौजूद रहे।