गुरवलिया बाजार। श्रीराम पट्टी निवासी इंद्रजीत राय (86) की शनिवार की शाम मौत हो गई। खेतों में जलभराव और गांव में कहीं श्मशान घाट नहीं होने हवाला देते हुए रविवार को मृतक के परिजन अपने खलिहान के बंजर जमीन में अंतिम संस्कार के लिए चिता सजा दिए थे। इसके बाद आसपास के लोगों का कहना था कि जहां अंतिम संस्कार किया जा रहा है, उसके सटे हमारा मकान और किचेन है।
लोगों ने यह कहकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। पुलिस और तहसील प्रशासन को सूचना दे दी। सूचना पर तुर्कपट्टी थाना प्रभारी प्रिंस कुमार और तहसील से कानूनगो अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में राजस्व टीम पहुंची। काफी मान-मनव्वल के बावजूद उक्त स्थान पर ही दाह संस्कार की जिद अड़े परिजन शव को चिता पर ही छोड़कर घर चले गए।
सुबह 9 बजे अंतिम संस्कार के लिए लाए गए शव का दोपहर 12 बजे तक दाह संस्कार नहीं हो पाया। इसके बाद गांव के संभ्रांत लोगों द्वारा हस्तक्षेप किया गया और पूर्व में रखे गए चिता से 15-20 कदम दूर पूरब दिशा में दूसरी चिता सजाई गई और तब जाकर अंतिम संस्कार हो पाया।
मुखाग्नि भतीजे सुशील राय ने दी। थाना प्रभारी प्रिंस कुमार ने कहा कि गांव के संभ्रांत के लोगों के मौजूदगी में दोनों पक्षों के आपसी सहमति के बाद दाह संस्कार करा दिया गया।