विरोध करते नगरपालिका के संविदाकर्मी। संवाद
कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर में कार्यरत संविदा कर्मचारियों का आक्रोश शनिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। कर्मचारियों ने सुपरवाइजर जय नारायण उर्फ गब्बर पर गंभीर आरोप लगाते हुए गांधी चौक पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि सुपरवाइजर द्वारा आए दिन गाली-गलौज की जाती है, क्षमता से अधिक काम कराया जाता है और विरोध करने पर डराया-धमकाया जाता है।
प्रदर्शन में शामिल संतोष, राजू, भोला, पिंटू, अनिल, सत्यनारायण, किसान, गोधन, गोविंद, विनोद सहित दर्जनों संविदा कर्मचारियों ने सुपरवाइजर को तत्काल पद से हटाने की मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि लेट पहुंचने पर बिना किसी सुनवाई के कार्य से भगा दिया जाता है, वहीं जरूरत पड़ने पर छुट्टी तक नहीं दी जाती। मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर मजबूरन उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
इसी बीच एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामला और तूल पकड़ लिया है। वायरल वीडियो में एक संविदा कर्मचारी कान पकड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है, जबकि एक अन्य युवक को भी कार्य से मुक्त किया गया बताया जा रहा है। वीडियो में दोनों युवक कान पकड़कर माफी मांगते नजर आते हैं और सामने कुर्सी पर डंडा लेकर बैठा व्यक्ति नगरपालिका का सुपरवाइजर जय नारायण उर्फ गब्बर बताया जा रहा है।हालांकि वीडियो को पुराना बताया जा रहा है,इसकी पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि आज भी कार्यस्थल पर इसी तरह का व्यवहार किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कर्मचारियों में और आक्रोश देखने को मिला।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे नगरपालिका कर्मचारी सरवन तिवारी और कामोद ने प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों को समझा-बुझाकर नगरपालिका परिषद कार्यालय ले गए। वहां कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच वार्ता के जरिए मामला शांत कराया।