पिपरा कनक। पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र पिपरा कनक फीडर से जुड़े उपभोक्ताओंं को लो वोल्टेज व बार-बार बिजली ट्रिपिंग होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि इस फीडर से बारह किलो मीटर तक आपूर्ति होने के चलते अधिक लोड पड़ने के कारण इस समस्या से लोग जूझ रहे हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए लोगों ने विधायक से गुहार लगाए।
विद्युत उपकेंद्र पटहेरवा से पिपरा कनक फीडर 25 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति होती है। बरई पट्टी गांव निवासी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि इस फीडर से क्षेत्र के पिपरा कनक, मीर बिहार, महरुटोला, खुद्दी टोला, शाह टोला, धुसवा, मठिया, अमवा महंथ, हसनपुरा, करजहां,बनबिरा, नरहवां, बसडीला बाडू चौराहा आदी गांवों में 12 किमी तक आपूर्ति होती है, जबकि मात्र दो किमी की दूरी पर सुमही में विद्युत उपकेंद्र है। हल्की बारिश व हवा चलने से बार- बार इस फीडर से बिजली गुल हो जाती है। इसकी वजह अधिक दूरी से बिजली आपूर्ति होना बताया जा रहा है। लोगों ने फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा को शिकायती पत्र सौंपा। विधायक ने कहा कि सुमही बिजली उपकेंद्र की क्षमता बढ़वाने का प्रयास किया जा रहा है। क्षमता बढ़ने के बाद आस-पास के गांवों की आपूर्ति इसी उपकेंद्र से जुड़वा दी जाएगी। संवाद