जरार उपकेंद्र पर प्रदर्शन करते उपभोक्ता। स्रोत-सोशल मीडिया
मंसाछापर। विशुनपुरा ब्लॉक क्षेत्र के जरार विद्युत उपकेंद्र से हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज उपभोक्ताओं ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक उपकेंद्र पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुटे और विरोध प्रदर्शन करते हुए जेई को ज्ञापन सौंपा। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो 27 सितंबर को जटहा-पडरौना रोड जाम कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ग्रामीणों का आरोप है कि उपकेंद्र से रोजाना महज 6 से 7 घंटे ही बिजली मिलती है। शाम के वक्त खाना बनाने से लेकर रात 11 बजे तक आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इससे महिलाओं को मोमबत्ती और मोबाइल टॉर्च के सहारे भोजन पकाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि रात में बिजली कटने के बाद कई जगह चोरियां होने लगी हैं, जिससे लोगों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। सूचना पर दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे जेई प्रेमचंद कश्यप ने लोगों को आश्वासन दिया कि समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशुनपुरा विद्युत केंद्र से पडरौना, मनिकौरा और जरार उपकेंद्रों को सप्लाई मिलती है। ओवरलोड की वजह से आपूर्ति बाधित करनी पड़ती है। उच्च अधिकारियों का आदेश है कि पडरौना की सप्लाई रोस्टिंग में नहीं खोली जाएगी, जिसकी वजह से अन्य उपकेंद्रों पर आपूर्ति अधिक समय के लिए प्रभावित हो रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले को उच्च अधिकारियों से उठाकर जल्द सुधार कराया जाएगा। विरोध प्रदर्शन में ग्राम प्रधान जटहा बाजार मोहन कुशवाहा, पुनीत त्रिपाठी, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।