कसया। नगरपालिका परिषद कुशीनगर द्वारा नगर के विकास को गति देने के क्रम में वार्ड संख्या 24 सुभाष नगर स्थित काशीराम आवास परिसर में इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। इस कार्य पर लगभग 27 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। कार्य के शुरू होने से वार्डवासियों में खुशी का माहौल है, क्योंकि लंबे समय से जर्जर सड़क और जलनिकासी की समस्या से लोग जूझ रहे थे।
काशीराम आवास परिसर की सड़कें काफी समय से खराब हालत में थीं। बरसात के दिनों में जगह-जगह जलभराव हो जाता था, जिससे आवागमन बाधित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। स्थानीय निवासियों द्वारा कई बार नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क एवं नाली निर्माण की मांग की गई थी। लोगों का कहना था कि खराब सड़क के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी होती थी।
नगर पालिका प्रशासन ने लोगों की मांग को गंभीरता से लेते हुए टेंडर प्रक्रिया पूरी की और इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की कार्रवाई की। वर्तमान में काशीराम आवास परिसर में इंटरलॉकिंग सड़क के साथ-साथ नाली का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे बरसात के मौसम में जलनिकासी की समस्या से भी निजात मिलेगी। इस संबंध में नगरपालिका परिषद कुशीनगर की ईओ अंकिता शुक्ला ने बताया कि वार्ड संख्या 24 सुभाष नगर के काशीराम आवास में विकास कार्य प्रारंभ करा दिया है।
ि