सुकरौली। नगर के जोगीवीर टोले में लंबे समय से जर्जर पड़े प्रमुख मार्ग के दिन अब बहुरने लगे हैं। नगर पंचायत की ओर से जोल्हिनिया देउर मार्ग की पक्की सड़क से जोगीवीर टोले तक करीब 600 मीटर लंबे मार्ग का निर्माण सीसी रोड के रूप में कराया जा रहा है। करीब 46 लाख रुपये की लागत से बन रही सड़क के पूरा होने के बाद ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
बरसात के दिनों में यह मार्ग ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना रहता था। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता था। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को होती थी। फिसलन के कारण कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते थे। जरूरी काम से आने-जाने वाले ग्रामीणों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।सीसी सड़क बनने के बाद जोगीवीर टोले के लोगों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
महिलाओं को खेतों में खेती-बाड़ी के कार्य, मंदिर में पूजा-अर्चना और अन्य घरेलू कामों के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी। वहीं बच्चों के लिए भी स्कूल पहुंचना आसान हो जाएगा। ग्रामीण संजीव, हरिप्रकाश, मुकेश, सतीश, सुनील और रीता आदि ने बताया कि सड़क निर्माण से लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होगा। बरसात में जिस रास्ते पर कीचड़ और जलभराव के कारण चलना मुश्किल हो जाता था, अब पक्की सड़क बनने से आवागमन सुगम हो जाएगा। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए खुशी जताई है।