मथौली के वार्ड नंबर 16 में हाटा-कप्तानगंज मार्ग के दोनों ओर शुरू हुआ निर्माण कार्य
घरों से निकलने वाले गंदे पानी की होगी निकासी, स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
मथौली। नगर पंचायत मथौली के वार्ड नंबर 16 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए आरसीसी नाला निर्माण शुरू हो गया है। हाटा-कप्तानगंज मार्ग के दोनों ओर करीब 39 लाख रुपये की लागत से लगभग 300 मीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बनने से सड़क किनारे जमा होने वाले गंदे पानी की निकासी सुचारु होने और स्थानीय लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी।
नगर पंचायत का गठन होने से पहले मथौली और आसपास के गांवों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं थी। इससे घरों से निकलने वाला गंदा पानी खाली जमीन और सड़क किनारे जमा होता था। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती थी। साथ ही गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता था। करीब पांच वर्ष पहले आसपास के कई गांवों को मिलाकर नगर पंचायत का गठन किया गया।
कस्बे के इम्तियाज अंसारी, सत्येंद्र सिंह, मोहन, सत्यप्रकाश, हैदर, मुबारक, पवन कुमार मल्ल, बृजेश गुप्ता, जनार्दन सिंह, रामबदन सिंह, जितेंद्र सिंह, सीपीएन सिंह, प्रकाश सिंह, कन्हैया यादव, भीमल यादव, वकील, ताहिद अंसारी, बब्लू सिंह और प्रेमचंद सिंह सहित अन्य लोगों ने बताया कि नाला बनने के बाद घरों से निकलने वाले गंदे पानी को व्यवस्थित तरीके से निर्धारित स्थान तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
ईओ अमित कुमार सिंह बताया कि कस्बा के सर्वांगीण विकास कराना शासन की प्राथमिकता में है। जिन मोहल्लों में सड़क और नाली की सबसे अधिक जरूरत है, उन मोहल्लों को चिन्हित कर वहां प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है।