पटहेरवा। तस्कर शराब तस्करी के नए-नए तरीके इजाद कर रहे हैं। पुलिस को चकमा देने के लिए अब मुर्गा वाहन से शराब की खेप बिहार पहुंचाई जा रही है। पुलिस ने एनएच पर काजीपुर क्राॅसिंग के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुर्गा वाहन से 312 बोतल अंग्रेजी और 1152 पाउच देसी शराब बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, तस्कर मुर्गा लादने वाले वाहन में शराब को छिपाकर बिहार की तरफ ले जा रहे थे। शराब सहित वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुटी है।
थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि रविवार सुबह फजिलनगर चौकी प्रभारी मनोज वर्मा व अन्य पुलिस कर्मियों के साथ क्षेत्र के काजीपुर चौराहे के पास वाहनों की जांच की जा रही थी। उसी दौरान एक मुर्गा वाहन आता दिखा। उसे रोकर कर जांच की गई तो उसमें मुर्गे लादने की जगह अंग्रेजी और देसी शराब बरामद हुई। पुलिस वाहन सहित तस्कर को थाने लेकर गई। जांच में वाहन से अलग-अलग ब्रांड की 312 बोतल अंग्रेजी और 1152 पाउच देसी शराब मिली। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार तस्कर ने अपना नाम राजकिशोर कुमार निवासी राजापुर थाना कोटवा जनपद मोतिहारी (बिहार) बताया। आरोपी ने बताया कि बिहार में शराब बंदी से वहां शराब की बिक्री से कमाई ज्यादा होती है। जांच के चलते अलग-अलग तरीकों से शराब इकट्ठा कर मुर्गा लादने वाले वाहन की जाली के बीच में रखकर बिहार ले जाते हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।