कसया। रहसू जनोबी पट्टी के भूमिहीन परिवारों को आवंटित पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने के लिए कांग्रेस की जमीन अधिकार पदयात्रा मंगलवार को कसया पहुंची। बुधवार को कलक्ट्रेट में डीएम को ज्ञापन सौंपकर जमीन से कब्जा हटवाने और पट्टा आवंटियों को कब्जा दिलाने की मांग की जाएगी।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की अगुवाई में सोमवार की शाम रहसू जनोबी पट्टी गांव के पट्टा धारकों ने जमीन अधिकार पद यात्रा निकाली है। बैरिया चौराहे पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह पदयात्रा किसी दल विशेष का कार्यक्रम नहीं, बल्कि वर्षों से अपने अधिकार से वंचित गरीब परिवारों के न्याय की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि तीन दशक पहले वितरित की गई गई पट्टे की जमीन पर अब भी प्रभावशाली लोगों का कब्जा बना हुआ है, जबकि वास्तविक लाभार्थी आज तक स्वामित्व का अधिकार नहीं पा सके हैं। जिलाध्यक्ष राधे विश्वकर्मा ने कहा कि हक हासिल करने के लिए जनता का बढ़ता संकल्प बदलाव का संकेत है। सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी आवंटित भूमि पर कब्जा दिलाया जाए। जब तक अंतिम लाभार्थी को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक कांग्रेस का अभियान जारी रहेगा।
इस दौरान मनोज सिंह, गोरख यादव, पलटन यादव, अविनाश गोंड, प्रियेश गोंड, मकसूदन कुशवाहा, वारिस अली, तारकेश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।