पडरौना। कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता व तमकुहीराज के विधायक अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक को रिहा किए जाने की मांग की।
शनिवार को दोपहर बाद राजदरबार स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय से जिलाध्यक्ष रामबिलास सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में नगर के सुभाष चौक पर पहुंचे। प्रदेश सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने मुख्य चौराहे पर पुतला दहन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता व तमकुहीराज विधायक अजय कुमार लल्लू की गिरफ्तारी से प्रदेश सरकार का तानाशाही रवैया जनता के सामने आ गया है।
किसानों के हित की लड़ाई लड़ रहे नेता को जिस प्रकार प्रदेश सरकार ने जेल में डाल दिया, वह बेहद निंदनीय कृत्य है। अगर जल्द विधायक की रिहाई नहीं हुई, तो कांग्रेस आंदोलन को तेज करेगी। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता की लड़ाई लड़ना भी अपराध की श्रेणी में आने लगा है। विधायक को शीघ्र रिहा किया जाय, अन्यथा कार्यकर्ता चुप्प नहीं बैठेंगे।
इस दौरान पंचानंद मिश्र, मनीष जायसवाल, राजकुमार सिंह, सुशीला गिरी, व्यास ओझा, राधाकृष्ण शर्मा, सीमा सिंह, राधेश्याम पासवान, इन्द्रजीत चौधरी, कृष्ण प्रताप सिंह, अनवर जकी, अशोक सिंह, गोरखनाथ सहानी, अजय जायसवाल, अख्तर अली, प्रिंस, धर्मेन्द्र सिंह, ब्रम्हानंद गुप्ता, नन्दलाल चौहान, शेषनाथ सिंह, बृजभूषण गुप्ता, शशि श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।