कसया। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट आदि जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम डाॅ. संतराज सिंह बघेल को सौंपा। नेतृत्व जिलाध्यक्ष रविंद्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने किया।
ज्ञापन में खाद्य पदार्थों सहित डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए तत्काल प्रभाव से दाम कम करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने और विद्युत कटौती और स्मार्ट मीटर की समस्याओं का समाधान करने की मांग उठाई। इसके अलावा नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों पर कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई। ज्ञापन में महिला सुरक्षा, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, कुशीनगर एयरपोर्ट से नियमित विमान सेवा शुरू कराने उद्योग स्थापना के लिए विशेष कदम उठाने की भी मांग शामिल रही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आम जनता महंगाई और अव्यवस्थाओं से परेशान है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीर नहीं दिख रही। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
इस दौरान अखिलेश्वर पांडेय, अजीमुल्लाह ‘गुड्डू भाई’, मो वारिश अली, इजरायल, अरशद खान, , उमाशंकर दुबे, स्वामीनाथ, नजीर, लालचंद प्रसाद, गोरख यादव, सीमा भारती, वृंदा प्रजापति,पलटन,अनुज, भागवत, सुग्रीव आदि मौजूद रहे।
जन आक्रोश सभा में कांग्रेस ने सरकार को घेरा
तरयासुजान। क्षेत्र के भूलिया बाजार में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जन आक्रोश सभा का आयोजन किया। सभा में बेरोजगारी, महंगाई, ध्वस्त कानून व्यवस्था, किसानों की बदहाली और भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अजय कुमार लल्लू ने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी, महंगाई, कानून व्यवस्था और किसानों की स्थिति बदतर हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और यूरिया की किल्लत से आम जनता परेशान है, जबकि अपराध, भ्रष्टाचार और पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को 13 वर्ष और प्रदेश सरकार को 10 वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य व्यवस्थाएं बदहाल हैं। सरकार के जिम्मेदार लोग जनता की समस्याओं पर मौन धारण किए हुए हैं। सभा में राधे विश्वकर्मा, मनोज सिंह, प्रभु गुप्ता, जे बी सिंह, अमित सिंह, अख्तर अंसारी, मुन्ना सिंह, रामजी मद्धेशिया, कश्मीरीलाल गुप्ता और उमेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।