खड्डा। क्षेत्र के विभिन्न गांवों में भारतीय सेना के अग्निवीर के रूप में चयनित युवाओं को बधाई देने के लिए क्षेत्रीय विधायक विवेकानंद पांडेय रविवार को उनके घर पहुंचे। उन्होंने चयनित युवाओं एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विधायक ने ग्राम सभा भुजौली पहुंचकर जवाहिर जायसवाल के पुत्र सतीश जायसवाल, ग्राम सभा कोप जंगल में महन्थी राजभर के पुत्र सन्नी राजभर तथा ग्राम सभा हनुमानगंज में गोरख जायसवाल के पुत्र राजकुमार जायसवाल को भारतीय सेना के अग्निवीर के रूप में चयनित होने पर बधाई दी।
इस दौरान विधायक ने चयनित युवाओं और उनके परिजनों का कुशलक्षेम जाना तथा कहा कि खड्डा क्षेत्र के युवाओं की यह उपलब्धि पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि युवाओं का अनुशासन, कठिन परिश्रम और राष्ट्रसेवा का संकल्प अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगा। संवाद