पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम की अध्यक्षता में पर्यटन विकास परियोनाओं के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें डीएम ने संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्था को निर्धारित अवधि में सभी निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बौद्ध बिहार में पर्यटन सुविधा के सृजन कार्य के तहत कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कारपोरेशन निर्माण इकाई की तरफ से कराए जा रहे पिपरा कुटी, चाइनीज मंदिर, चंद्र मंदिर, वार्मिज मंदिर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बुद्धा थीम पार्क में चल रहे निर्माण कार्य 25 जून तक पूरा नहीं होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने साइनेज के कार्य, रामकोला स्थित चेडा माई मंदिर, खिरकिया मंदिर के कार्यों में देरी मिलने पर पोर्टल पर निर्माण तिथि की अवधि का विस्तार कराने के लिए निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि 23 करोड़ की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है तो उतने बजट का कार्य दिखना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई बदलाव या अन्य कार्य सम्मिलित करना है तो उसकी स्वीकृति विभाग से करा लें।
उन्होंने हिरण्यवती नदी को तालाब से जोड़ने के लिए खुदाई का कार्य करने एवं 56 एकड़ की भूमि जो अभी मैत्रेय के नाम से है, उसे शासन स्तर पर वार्ता कर बदलवा लेने के लिए निर्देश दिए।
इसके अलावा बुद्धा मार्ग को चार लेन करने, वेंडरों से मोटिवेशन करने, वेंडिंग जोन, पूरे बुद्धा मार्ग का देवरिया बाईपास तक डिजाइन कराने आदि के संबंध में डीएम ने समीक्षा कर संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।