शौचालय निर्माण के लिए ब्लॉक पर हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
जटहां बाजार (कुशीनगर)। ब्लॉक मुख्यालय के गांव खेसिया के लोगों ने बुधवार को शौचालय बनवाने, जाम पड़ी नालियों की सफाई कराने, बस्ती में जलनिकासी की व्यवस्था सहित तीन सूत्री मांगें पूरी कराने के लिए पडरौना-बलकुड़िया मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस के हस्तक्षेप के बाद आवागमन सुचारु हो सका। मौके पर पहुंचे बीडीओ को गांव वालों ने मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। ग्रामीणों की मांग पर बीडीओ गांव में पहुंचे और निरीक्षण कर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।
खेसिया गांव के महिला और पुरुष बुधवार को सुबह करीब 10 बजे विकास खंड कार्यालय पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद बीडीओ को कार्यालय में न देख बाहर गेट पर हंगामा शुरू कर दिया। डेढ़ घंटे बाद भी बीडीओ के न पहुंचने पर नाराज लोगों ने ब्लॉक मुख्यालय के मेन गेट के सामने पडरौना-बलकुड़िया मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इसी बीच सूचना पाकर मंसाछापर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने पर गांव के लोग वहां से उठकर फिर ब्लॉक कार्यालय पर आकर बैठ गए। गांववालों ने शौचालय बनवाने, गांव में जाम पड़ी नालियों की सफाई कराने, बस्ती के बीच एकत्र पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि जल जमाव के कारण गांव में संक्रामक रोगों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। गांव के 12 से अधिक बच्चों समेत महिला, पुरुष एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित हैं। उधर, बीडीओ जब ब्लॉक पर पहुंचे तो लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और नारेबाजी करने लगे। ज्ञापन लेने के बाद बीडीओ खेसिया गांव पहुंचे। वहां साफ-सफाई, जलभराव आदि का जायजा लिया। बीडीओ ने कहा कि दो अक्टूबर के बाद व्यक्तिगत रुचि लेकर शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। तत्काल कार्ययोजना बनवाकर नाली की सफाई कराई जाएगी। अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम को पत्र भेजा जाएगा। इस दौरान बीडीसी सदस्य नासिर हुसैन, हासिम अली, गुड्डू प्रसाद, कुंवर प्रसाद, गौतम आदि मौजूद रहे।