एक सप्ताह में दें कार्रवाई की रिपोर्ट : मंडलायुक्त
पडरौना (कुशीनगर)। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को गोरखपुर मंडल आयुक्त ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने धान क्रय केंद्र, छुट्टा पशुओं की समस्या और कोविड टीकाकरण समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की।
आयुक्त रवि कुमार एनजी ने बैठक के दौरान धान क्रय केंद्र की रिपोर्ट डिप्टी आरएमओ विनय प्रताप सिंह से मांगी गई। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष हुए कार्य के बारे में जानकारी लेते हुए प्रतिदिन के रिपोर्ट की नियमित समीक्षा करने के लिए निर्देश दिया। पशु चिकित्सा अधिकारी से छुट्टा पशुओं और पशु आश्रय स्थल में देखभाल के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सर्दियों में पशुओं के लिए बोरा व अन्य सामग्री और अलाव की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कोविड टीकाकरण के संबंध में समीक्षा करते हुए टीकाकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए टीकाकरण की प्रतिशता बढ़ाने के लिए निर्देश दिया। आयुक्त ने कहा कि सभी एमओआईसी व बीडीओ अपने पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। नियमित तौर पर गांव का भ्रमण कर टीकाकरण बढ़ाने के लिए प्लान ऑफ एक्शन बनाकर रणनीति के तहत कार्य करें।
उन्होंने सीएमओ को निर्देश दिया कि सभी एमओआईसी को नियमित तौर पर क्षेत्र भ्रमण करें। उन्होंने कहा कि किसी विकास खंड में टीकाकरण में खराब प्रदर्शन पर संबंधित एमओआईसी का वेतन तक काटा जा सकता हैं। उन्होंने एक हफ्ते के अंदर कार्रवाई की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
इस दौरान एस. राजलिंगम, अपर आयुक्त विंध्यवासिनी राय, सीडीओ अनुज मलिक, एडीएम देवीदयाल वर्मा, सीएमओ सुरेश पटारिया आदि मौजूद रहे।
फोटो
टीकाकरण की धीमी गति पर अपर आयुक्त ने जताई नाराजगी
हाटा। अपर आयुक्त प्रशासन गोरखपुर अजयकांत सैनी ने शुक्रवार को सीएचसी हाटा परिसर में चल रहे टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने धीमी गति से चल रहे टीकाकरण कार्य पर नाराजगी जताते हुए स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाई। शुक्रवार की दोपहर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे अपर आयुक्त प्रशासन गोरखपुर अजयकांत सैनी ने केंद्र पर टीकाकरण का काम धीमी गति से होते देख मौके पर मौजूद डॉक्टर वी.प्रसाद से कई सवाल किए। दोपहर तक एक बूथ पर 28 और दुसरे पर 37 को टीका लगने पर चिंता जताई। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से घर-घर जाकर प्रेरित कर टीका लगवाने पर जोर दिया। अपर आयुक्त ने स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। संवाद