छितौनी नगर पंचायत के पनियहवा चौराहे पर बंद पड़ी मछली भुजा की दुकानें ।संवाद
- फोटो : गौरीगंज में खाली सिलिंडर लेकर गैस एजेंसी जाते उपभोक्ता।
छितौनी। नगर पंचायत छितौनी के पनियहवा में मछली भूजा के लिए मशहूर बाजार इन दिनों सूना पड़ गया है। काॅमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने से मछली भूजा की 25 से अधिक दुकानें दो दिन से बंद हैं। ढाबा संचालकों और दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। पनियहवा का मछली भूजा प्रसिद्ध है। यहां प्रतिदिन बिहार से भी बड़ी संख्या में लोग मछली भूजा खाने आते हैं। लेकिन इन दिनों कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत के कारण दुकानदार चूल्हा तक नहीं जला पा रहे हैं।
दुकानदार ईश्वर चंद्र जायसवाल का कहना है कि मछली भूजा बनाने के लिए बड़े पैमाने पर कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की जरूरत पड़ती है।
पिछले दो दिन से गैस की आपूर्ति नहीं होने से उन्हें मजबूरन दुकानें बंद रखनी पड़ रही हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि उनकी रोजी रोटी इसी व्यवसाय पर निर्भर रहता है और दुकानें बंद रहने से उन्हें प्रतिदिन हजारों रुपये का नुकसान हो रहा है।
दूसरी ओर, पनियहवा आने वाले लोगों को भी निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
यहां मछली भूजा का स्वाद लेने के लिए आने वाले ग्राहकों को दुकानें बंद मिलने से काफी मायूसी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो दुकानदारों को और अधिक आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है।
इस संबंध में आपूर्ति निरीक्षक खड्डा अमरजीत वर्मा ने बताया कि कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की किल्लत है। इसके कारण दुकानें बंद है। रसोई गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।