तमकुहीराज। सामने चल रहे ट्रक से टकराने के बाद हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि इसमें सवार चालक और खलासी की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार की आधी रात ओवरटेक करने के दौरान एनएच-28 पर हादसा हुआ। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आधे घंटे तक हाईवे पर अवागमन प्रभावित रहा।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के बुधवार की देर रात हाईवे पर कौवापट्टी-माधोपुर बुजुर्ग पेट्रोल पंप के पास गोरखपुर से पशुआहार लेकर बिहार जा रहा ट्रक ओवरटेक के दौरान पीछे से ट्रक से टकरा गया, बचाव के लिए चालक ने बाईं तरफ मोड़ा तो हाईवे किनारे खड़े गेहूं लदे ट्रक में पीछे से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पशु अहार लदे वाहन में सवार ट्रक मालिक कसया निवासी विनोद गुप्ता (50), चालक पटहेरवा थाना क्षेत्र के गगलवा निवासी अजय यादव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि इसी ट्रक में सवार खलासी पटहेरवा थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर निवासी नागेंद्र यादव (35) घटना के बाद लापता हो गया। घायलों को पुलिस ने तमकुहीराज सीएचसी पहुंचाया, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने रविंद्रनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इलाज के दौरान अजय (35) की रात में ही मौत हो गई।
बृहस्पतिवार को सुबह पुलिस जब हाईवे से ट्रक को क्रेन की मदद से हटवा रही थी तो पशु अहार के बोरे के नीचे नागेंद्र यादव का शव मिला। दोनों ट्रक पर चालक-खालासी का काम करते थे। हादसे के दौरान ट्रक मालिक विनोद चला रहे थे। उनका एक पैर कट गया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ जितेंद्र कालरा ने बताया कि ओवरटेक के दौरान हादसा हुआ। दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
यहां एक लेन पर अतिक्रमण के चलते होता है हादसा
तमकुहीराज। हाईवे पर माधोपुर-कौवापट्टी के पास पेट्रोल पंप है। यहां सड़क पर अतिक्रमण है। यहां बारिश का पानी जमा होता है, गिट्टी आदि भी सड़क पर पसरा रहता है। इसके चलते एक लेन पर ही वाहनों को यहां से गुजरना पड़ता है। अतिक्रमण स्थल से आगे या पीछे कोई संकेतक भी नहीं है। इससे अक्सर यहां पर हादसे होते रहते हैं। देर रात को हादसे के बाद ट्रक का मलबा सड़क पर फैल गया।
0
- हाईवे पर पेट्रोल पंप और ढाबे बन रहे हादसे का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। तमकुहीराज थाना क्षेत्र के हाईवे के किनारे पेट्रोल पंप और ढाबे हादसे का कारण बनते जा रहे हैं। पार्किंग स्थल के अभाव में भारी मालवाहक और सड़क पर ही खड़े रहते है। इससे अधिकतर दुर्घटनाएं होती हैं।
6 मई - तमकुहीराज थाना क्षेत्र के माधोपुर बुजुर्ग (मंझरिया ) निवासी इतलेश चौहान (25) बिहार के अपने दोस्त मुन्ना सिंह (19)के साथ बाइक से परीक्षा देने जा रहे थे। गाजीपुर बैरियर के समीप ट्रैक्टर की चपेट में आ दोनों युवक घायल हो गए। देर रात इलाज के दौरान गोरखपुर में इतलेश की मौत हो गई थी।
5 मई - हाईवे स्थित गाजीपुर बैरियर के समीप पीछे से टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। एटा जिले के पुराव निवासी ट्रक चालक वीरेंद्र( 40) की मौत हो गई थी।
5 मई - हाईवे स्थित गाजीपुर बैरियर के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पुरानी तमकुही निवासी बाइक सवार मनोरंजन चौबे घायल हो गए थे।
24 अप्रैल - तमकुहीराज थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित टड़वा मोड़ के समीप बाईक की टक्कर से साईकिल सवार बसडीला बुजुर्ग निवासी किशोर अंकित भारती (15) की मौत
20 अप्रैल - तमकुहीराज थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित माधोपुर बुजुर्ग (मंझरिया) के समीप पहले से खड़े ट्रक से बोलेरो की टक्कर के बाद मुन्नीपट्टी निवासी सत्तार मियां (60) की मौत और पांच लोग घायल हो गए थे।