पडरौना। सर्दी बढ़ने के साथ हृदय रोगियों के दिल की धड़कन भी बढ़ने लगी है। बदले मौसम के चलते अस्पताल में दिल के रोगियों की संख्या में इजाफा हुआ है। इन दिनों 100 से 120 मरीज रोजाना अस्पताल पहुंच रहे हैं। इनमें से अधिकांश को हाई ब्लड प्रेशर और सीने में दबाव की शिकायत है। उन्हें दवा के साथ ठंड से बचाव करने के लिए सलाह दी जा रही है।
ओपीडी और इमरजेंसी में हृदयरोग से पीड़ित मरीजों के साथ सर्दी व खांसी के मरीजों की भीड़ रही। चिकित्सक के अनुसार सर्दियों में हार्ट अटैक के मुकाबले हार्ट फेल होने का खतरा अधिक रहता है। ऐसे में सचेत रहें। सर्दियों का मौसम स्वास्थ्य के लिए हेल्दी, तो दिल के रोगियों के लिए यह अनहेल्दी होता है। सर्दियों में ऑक्सीजन की कमी होने से रक्त वाहिनियां संकरी हो जाती हैं, इससे दिल के रोगियों की समस्या बढ़ जाती है। पुरुष एवं नेत्र चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि सर्दियों में ब्लड प्रेशर सामान्य की जगह बढ़ जाता है जो दिल के रोगियों के लिए परेशानी का कारण बनता है। जिन लोगों का कॉलेस्ट्रॉल बढ़ा रहता है, उनके लिए यह मौसम खतरे से भरा है। इस मौसम में दिल के रोगियों को कई तरह की गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। सर्दियों में हार्ट अटैक के मुकाबले हार्ट फेल का खतरा ज्यादा रहता है।