हाटा। केन यूनियन चौराहे पर शनिवार की दोपहर फोरलेन पर अनियंत्रित ट्रक ने सीओ कसया की सरकारी गाड़ी को टक्कर माक्दीदिया। इसमें सरकारी गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सीओ और हमराही बाल-बाल बच गए। पुलिस ने ठोकर मारने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया है। इसके चलते हाईवे पर करीब 20 मिनट तक आवागमन प्रभावित रहा।
सीओ कसया कुंदन सिंह सरकारी गाड़ी से कसया की तरफ जा रहे थे। इनकी गाड़ी जैसे नगर केन यूनियन चौराहे पर पहुंची उसी समय एक अनियंत्रित ट्रक ने इनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। संयोग ठीक था कि चौराहे पर घनी आबादी के कारण दोनों वाहनों की गति धीमी थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सरकारी गाड़ी में सवार सीओ और हमराही घबरा गए। घटना के बाद ट्रक व सीओ की गाड़ी के डिवाइडर में फंस जाने के कारण फोरलेन सड़क पर जाम लग गया। घटना के बाद तत्काल हाटा कोतवाल सुशील शुक्ला मय फोर्स मौके पर पहुंचकर ट्रक को कब्जे में लेकर जाम हटवाया। कोतवाल सुशील शुक्ला ने बताया कि ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। इसे कब्जे में ले लिया गया है।