हाटा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाटा के प्रसव केंद्र पर तैनात स्टाफ नर्स के प्रसव के लिए रुपये लेने की शिकायत मामले में रविवार को सीएमओ सुरेश पटारिया ने हाटा सीएचसी पहुंच कर जांच की। इस दौरान सीएमओ ने शिकायतकर्ता के साथ स्टाफ नर्स का लिखित बयान लिया। इसी के साथ उन्होंने ड्यूटी रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की।
हाटा नगर पालिका के वार्ड नंबर 12 शारदा नगर ढाढ़ा बुजुर्ग के रहने वाले बृजेश यादव ने सीएमओ से लिखित शिकायत की थी कि उनकी पत्नी ममता देवी का प्रसव हाटा सरकारी अस्पताल पर 13 जनवरी को हुआ था, जिसमें उन्हें बेटा पैदा हुआ। उस समय ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स संध्या सिंह ने प्रसव कराने के एवज में दस हजार रुपये की मांग की थी। उनके पास उतने रुपये नहीं थे तो 25 सौ रुपये नकद और एक हजार रुपये उन्होंने अपने बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर कराए थे।