सीएमओ को 8:30 बजे भी
ओपीडी में नहीं मिले डॉक्टर
चिकित्सकों समेत 48 कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश
हाटा सीएचसी का हाल : अमर उजाला ने पहले ही प्रकाशित थी खबर
हाटा(कुशीनगर)। सीएमओ ने मंगलवार सुबह 8:30 बजे सीएचसी हाटा का निरीक्षण किया। इस दौरान डॉक्टर ओपीडी में नहीं मिले। जबकि ओपीडी का समय आठ बजे से तय है। सीएमओ ने नाराजगी जताई और देर से ड्यूटी पर आने वाले और अनुपस्थित 48 कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। साथ ही सभी से स्पष्टीकरण तलब किया।
करीब डेढ़ घंटे तक सीएमओ ने एक-एक बिंदु पर निरीक्षण किया। ‘अमर उजाला’ ने इस अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की लेटलतीफी की खबर तीन मई को प्रकाशित की थी।
हाटा सीएचसी के डॉक्टरों की लेटलतीफी को लेकर बार-बार हो रही शिकायत और तीन मई को अमर उजाला में ‘इंतजार कीजिए, आ रहे हैं डॉक्टर साहब’ शीर्षक से प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेते हुए सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने मंगलवार सुबह हाटा सीएचसी का निरीक्षण किया। सुबह 8:30 बजे सीएचसी पहुंचे सीएमओ को ओपीडी में डॉक्टर नहीं मिले। उपस्थिति पंजिका लेकर सीएमओ ने एक-एक कर्मचारी के बारे में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एलबी यादव से जानकारी ली। इस दौरान कुछ डॉक्टर और कर्मचारी पहुंचे तो उन लोगों को समय सहित हस्ताक्षर करने के निर्देश दिए। समय से ड्यूटी पर नहीं आने वाले स्वास्थ्य कर्मचारियों का विवरण उन्होंने अपनी डायरी में दर्ज किया। इसके बाद लैब, प्रसव केंद्र, टीकाकरण, ईटीसी वार्ड, पीआईसीयू, स्टोर रूम आदि का निरीक्षण किया।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि देर से ड्यूटी पर आने और मनमानी करने वाले डॉक्टरों तथा कर्मचारियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई होगी। हाटा सीएचसी के डॉक्टरों सहित 48 कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के बारे में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।