सीएम योगी अदित्यनाथ के तरफ आनलाईन पंचायत भवनों और सामुदायक शौचालयों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौ
- फोटो : KUSHINAGAR
सीएम ने 52 पंचायत भवनों, 201 सामुदायिक शौचालयों का किया लोकार्पण
175 पंचायत भवनों तथा 721 सामुदायिक शौचालयों का किया शिलान्यास भी
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। मुख्यमंत्री ने सोमवार को वर्चुअल तरीके से जनपद के 52 नए पंचायत भवनों तथा 201 सामुदायिक शौचालयों का लोकार्पण किया। इसके अलावा 175 पंचायत भवनों तथा 721 सामुदायिक शौचालयों का शिलान्यास किया गया। सीएम ने ग्रामीण भारत को मजबूत बनाने के लिए मिलकर प्रयास करने का आह्वान करते हुए ग्राम पंचायतों में रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
सुबह 10 बजे एनआईसी के जरिए शुरू हुए इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बनाए जा रहा सामुदायिक शौचालय महिलाओं के सम्मान एवं स्वावलंबन से जुड़ा है। यह कार्यक्रम मिशन शक्ति की सफलता का आधार भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण आत्मनिर्भरता से ही देश आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने सभी पंचायत भवनों को ऑप्टिकल केबल से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक पंचायत भवन पर एक महिला की नियुक्ति का भी आदेश दिया। सामुदायिक शौचालयों का संचालन ग्राम पंचायत स्तर पर गठित स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से होगा। वहां एक सफाई कर्मी की नियुक्ति भी होगी। इस कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़े केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आने वाले 100 दिनों में अभियान चलाकर प्रत्येक आंगनबाड़ी एवं स्कूल को पेयजल परियोजना से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर कुशीनगर के विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी, डीएम भूपेंद्र एस चौधरी, डीपीआरओ राघवेंद्र द्विवेदी, डीसी नंदू मिश्रा समेत कई लोग मौजूद रहे।