खड्डा। गंगा सप्तमी के अवसर पर बृहस्पतिवार को नमामि गंगे अभियान के तहत पनियहवा घाट, स्थित मां नारायणी सामाजिक कुंभ स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। भाजपा उत्तर प्रदेश शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने घाट की सफाई कर उसे स्वच्छ व सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान नारायणी तट पर एकत्रित कार्यकर्ताओं ने प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री के अवशेष व अन्य अपशिष्ट को हटाकर घाट को साफ किया। साथ ही आम लोगों को नदी को प्रदूषण मुक्त रखने के प्रति जागरूक किया गया। संयोजक मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि गंगा और नारायणी जैसी नदियां हमारी आस्था और संस्कृति की प्रतीक हैं, इसलिए उनकी स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पूजा सामग्री को नदी में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर ही डालें। अभियान के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नारायणी नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान राकेश निषाद, सुनील यादव, रणधीर साहनी, करण यादव, वीरेंद्र निषाद, भोला पाल, रामू कुशवाहा, मुन्ना कुमार व नरसिंह निषाद सहित कई लोग मौजूद रहे।