पडरौना। प्रशासन की ओर से जिले में पर्याप्त मात्रा में रसोई गैस उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा हैं, लेकिन उपभोक्ताओं की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। आपूर्ति हकीकत यह है कि शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों लोग एक सिलिंडर के लिए गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। होम डिलीवरी के नियम हवा-हवाई साबित हो रहे हैं। जनता घंटों कतार में खड़ी होने के लिए मजबूर है। अब तो लोग दूसरे विकल्पों के इंतजाम में भी जुट गए हैं, ताकि उनके चूल्हा बुझने न पाए। सबसे परेशान मिठाई विक्रेता हैं। गैस की किल्लत से मिठाई के दुकानदार पूर्व में हुए आर्डर की बुकिंग कैंसल कर रहे हैं।
28 फरवरी से ईरान-इस्राइल व अमेरिका के बीच तनातनी व संघर्ष का असर रसोई गैस की आपूर्ति पर भी दिखाई दे रहा है। पडरौना, हाटा, कसया, तमकुहीराज, खड्डा, सुकरौली, हेतिमपुर, कप्तानगंज, रामकोला सहित जिले में संचालित 101 गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस के लिए भोर में करीब 4 बजे से ही लोगों की कतारें लग जा रही हैं। घंटों के इंतजार के बाद अक्सर उन्हें स्टॉक खत्म होने की सूचना देकर लौटा दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी उन्हें रिफिल नहीं मिल रही है।
होम डिलीवरी के दावे भी हवा-हवाई हो गए हैं। शासन के अनुसार, प्रत्येक गैस एजेंसी को उपभोक्ता के घर तक सिलिंडर पहुंचाना है। लेकिन यह नियम गैस के अभाव के चलते पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। उपभोक्ता अपनी साइकिलों, बाइक व ठेलों पर खाली सिलिंडर लादकर गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं, होम डिलीवरी की सुविधा भी नहीं मिल रही है।
0
कोट:-
जिले के रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को धैर्य रखकर नियमानुसार आपूर्ति के लिए बुकिंग कर ही रिफिल के लिए एजेंसी पर पहुंचने की जरूरत है। ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ता 45 दिन और शहरी क्षेत्र में 25 दिन बाद गैस के लिए बुकिंग करें। गैस की पर्याप्त आपूर्ति के लिए जिला प्रशासन लगातार जांच कर एजेंसी संचालकों को उपभोक्ताओं के साथ बेहतर तालमेल व समन्वय के साथ बातचीत कर उन्हें संतुष्ट करने के लिए जरूरी निर्देश दे रहा है। -कृष्ण गोपाल पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी, कुशीनगर
0
कतार में खड़े गैस उपभोक्ताओं ने बताईं दिक्कतें
हेतिमपुर हाईवे स्थित भारत गैस एजेंसी के बाहर शनिवार दोपहर बाद उपभोक्ताओं ने सिलिंडर रखकर करीब एक किमी लंबी लाइन लगाई थी। कतार में खड़े विद्यासागर, कृष्णा, मनीष, विकास कुमार, तेज प्रकाश यादव, कैलाश प्रसाद, जय बहादुर यादव ने बताया कि गैस के लिए चार दिन से भोर में 4 बजे से ही एजेंसी पर आ रहे हैं। दोपहर करीब 12 बजे तक गाड़ी नहीं आई थी। लेकिन बता रहे थे कि आने वाली है। इन लोगों का कहना था कि प्रशासन केवल कागजों पर ऑल इज वेल (सब ठीक है) दिखा रहा है, जबकि मौके पर स्थिति नियंत्रण से बाहर है।
0
कंट्रोल रूम में दर्ज करा रहे शिकायतें
घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने लोगों की सहूलियत के लिए कलक्ट्रेट में कंट्रोल रूम बनाया है। यहां उपभोक्ता अपनी शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। शनिवार सुबह 10 बजे तक 52 लोगों ने रसोई गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं। 40 लोगों ने बताया था कि बुकिंग के बावजूद उन्हें गैस की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। 12 लोगों ने बताया था कि उनकी बुकिंग ही नहीं हो पा रही है। आवास विकास कॉलोनी निवासी प्रतिमा ने गैस की बुकिंग नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई थी। सुमही बुजुर्ग निवासी गुलाब देवी ने ओवररेटिंग की शिकायत की थी। इसके अलावा लालजी वर्मा, अशोक शर्मा सहित तमाम उपभोक्ताओं ने बुकिंग के बावजूद डिलीवरी नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई।
खड्डा के स्व. उषा देवी गैस एजेंसी के बाहर लगी भीड़।संवाद- फोटो : जनता ढाबा पर कोयले की भट्टी पर भोजन बनाता कारीगर।