खड्डा। रसोई गैस की अचानक मांग बढ़ जाने से गोदामों पर लंबी लंबी लाइन लग रही है। क्षमता 450 की और मांग 16 सौ से ज्यादा होने से एजेंसियों की व्यवस्था चरमरा गई है। सामान्य दिनों में औसतन प्रतिदिन 190 सिलिंडर की मांग रहती थी परंतु वर्तमान में कई गुना बढ़ गई है। पुलिस के पहरे में वितरण कराना पड़ रहा है।
खडडा क्षेत्र के सोहरौना में संचालित एचपी गैस एजेंसी पर शनिवार की सुबह से ही लंबी लाइन लगी थी। एजेंसी के संचालक सॊनू जायसवाल ने बताया कि गोदाम में मौजूद 450 सिलिंडर बांटे गए। लगभग 16 सौ बुकिंग लंबित है। ट्रक आने में विलंब हो रहा है।
क्षेत्र के जनार्दन, मनोज, किशुना, नरायन गुप्ता, रवींद्र मिश्रा आदि बताते हैं कि गैस की किल्लत से गृहणियां अब लकड़ी के चूल्हे की ओर लौट रही हैं। मिट्टी तेल पहले ही बंद किया चुका है। अगर रहता तो स्टोव पर भोजन बनाने में सहूलियत होती।
इसी तरह क्षेत्र के हालात अहिरौली के सत्यनारायण गैस एजेंसी के हैं। यहां भी लंबी कतार लग रही है। संचालक योगेंद्र गुप्ता बताते हैं कि अचानक डिमांड बढ़ जाने से लोगों की भीड़ लग रही है। शनिवार को 360 सिलिंडर बांटे गए हैं। लोगों को गैस उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास चल रहा है।
खड्डा के मिष्ठान भंडार के मालिक लाल साहब बताते हैं कि गैस नहीं मिलने से मिठाई नहीं बन पा रही है। कारीगर खाली बैठे हैं। उनको बिठाकर पेमेंट देना पड़ रहा है। इसी तरह क्षेत्र की अन्य दुकान भी संकट में है। दुकान के सहारे जीवन-यापन करने वाले लोग संकट में हैं।