मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सुरक्षा बंदोबस्त देखा
जनप्रतिनिधियों ने गुलदस्ता देकर सीएम का स्वागत किया
कसया(कुशीनगर)। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन कुशीनगर में हो रहा है। इसे लेकर शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे व्यवस्था का जायजा लेने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से एयरपोर्ट से कुशीनगर महापरिनिर्वाण मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर निर्धारित समय से डेढ़ घंटे देर से कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरा। एयरपोर्ट के अपरन पर सांसद विजय कुमार दुबे, देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, कुशीनगर के विधायक पीएन पाठक, हाटा के विधायक मोहन वर्मा, खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय, फाजिलनगर के विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा, सदर विधायक मनीष जायसवाल, तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम कुमार राय, एमएलसी रतनपाल सिंह, जगदीश मिश्र उर्फ बाल्टी बाबा ने फूलों का गुलदस्ता देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इनके अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र, उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि प्रदीप जायसवाल, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीआईजी जे. रविंद्र गोंड, डीएम एस. राजलिंगम, एसपी धवल जायसवाल, सीडीओ अनुज मलिक, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा, एडीएम देवीदयाल वर्मा, सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया, एसडीएम वरुण कुमार पांडेय आदि के अलावा मौजूद अन्य अधिकारियों व नेताओं ने भी सीएम का स्वागत किया।
स्वागत के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के अपरन से अपने वाहन में सवार होकर फ्लीट के साथ कुशीनगर मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर पर करीब 11:54 बजे पहुंचे। यहां पर वह भगवान बुद्ध की लेटी प्रतिमा का दर्शन कर चीवर चढ़ाया। यहां पर एबी ज्ञानेश्वर, भंते महेंद्र, भंते नंदरतन, भिक्षुणी नंदरतन आदि ने बुद्ध वंदना के साथ पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर से बाहर निकलकर परिसर में साफ-सफाई और सुरक्षा बंदोबस्त का निरीक्षण किया। पुरातत्व विभाग के पार्किंग में बने स्वीस कॉटेज को भी देखा। वहां से उनका काफिला दोपहर बाद 12:14 पर निकलकर 12:30 बजे फिरएयरपोर्ट पर पहुंचा। यहां एयरपोर्ट के वीवीआईपी लांज में जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक की। 20 मिनट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हो गए।
...
प्रमुख सचिव और डीजीपी करेंगे प्रधानमंत्री की अगवानी
कुशीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के वीवीआईपी लांज में हुई बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एयरपोर्ट पर प्रदेश के मुख्य सचिव व डीजीपी अगवानी करेंगे। राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री उनका स्वागत लखनऊ में लौटते समय करेंगे।
सुरक्षा व सफाई पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर में पूजा को लेकर निर्देशित किया कि उस दौरान मंदिर में दो से अधिक बौद्ध भिक्षु नहीं होने चाहिए। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह का नाम लेकर कहा कि इन्हें प्रत्येक कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री के साथ रहना है। प्रधानमंत्री के साथ सांसद विजय कुमार दुबे, सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, विधायक पीएन पाठक, जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र भी एयरपोर्ट से मुख्य महापरिनिर्वाण मंदिर तक रहेंगे।