फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: विदेश में नाैकरी के नाम पर पाैने दो लाख ठगे

विज्ञापन
विज्ञापन
महराजगंज। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 1.70 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। परसौनी बुजुर्ग गांव के अविनाश जायसवाल (34) ने वाराणसी की एक संस्था ‘ब्राइट ओवरसीज’ और कुछ अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इस मामले में अविनाश ने थाना घुघुली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद मामले में केस दर्ज हुआ।
विज्ञापन

अविनाश ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह विदेश में नौकरी की तलाश में थे और इसके लिए उन्होंने कई वेबसाइटों पर अपना बायोडाटा अपलोड किया था। इसी दौरान वाराणसी के सिगरा स्थित कृषि एक्सपोर्ट प्लाजा में कार्यरत ‘’ब्राइट ओवरसीज’’ नामक संस्था के कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया। इन लोगों ने अविनाश को रूस में नौकरी दिलाने का वादा किया और इसके बदले में 1,70,000 रुपये की मांग की। संस्था के प्रतिनिधियों ने नौ अक्तूबर 2024 को सुबह 8 बजे अविनाश के घर पहुंचकर उनसे बातचीत की और विश्वास दिलाया कि राशि जमा करने पर उन्हें वीजा, हवाई टिकट और रूस में ठहरने की व्यवस्था प्रदान की जाएगी।
विश्वास में आकर अविनाश ने संस्था के खाते में यूपीआई के माध्यम से 1,45,000 रुपये और 25,000 रुपये नकद जमा किए। बदले में उन्हें वीजा, हवाई टिकट और होटल बुकिंग की रसीद दी गई। उन्हें बताया गया कि उनकी उड़ान मुंबई से होगी। हालांकि जब अविनाश नियत तारीख को मुंबई हवाई अड्डे पहुंचे तो अधिकारियों ने उनके दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें बताया कि उनके सभी कागजात अवैध और जाली हैं। इसके बाद अविनाश ने संस्था से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन न तो उनका फोन उठाया गया और न ही वाराणसी में संस्था का कार्यालय खुला मिला। निराश होकर अविनाश ने स्थानीय थाना घुघुली में शिकायत दर्ज की लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने इस साल 21 मई को पुलिस अधीक्षक, महराजगंज को रजिस्ट्री के माध्यम से शिकायत भेजी लेकिन वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई। अविनाश ने एसीजेएम महराजगंज के न्यायालय में प्रार्थना पत्र दाखिल किया। थानाध्यक्ष घुघुली कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि मामले में संस्था के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें